देवालयों में नजर आई देवभक्ति के साथ देशभक्ति की जुगलबंदी

कई मंदिरों में सजी तिरंगा झांकी

जयपुर। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर छोटीकाशी के कई मंदिरों में देशभक्ति और ईश्वर भक्ति की जुगलबंदी नजर आई। मंदिरों में धर्म की भगवा पताकाओं के साथ देशप्रेम से रंगी तिरंगी

झंडियां भी फहराई गईं। ठाकुरजी भी तिरंगा पोशाक में रहे। त्रिपोलिया बाजार तंवरजी का नोहरा स्थित शिव शक्ति हनुमान मंदिर में महामंडलेश्वर महंत पुरुषोत्तम भारती के सान्निध्य में दो दिवसीय तिरंगा झांकी सजाई गई। हनुमानजी महाराज, मां दुर्गा और शिव परिवार को राष्ट्रीय ध्वज की प्रतीक तिरंगा पोशाक धारण करवाई गई।  पूरे मंदिर परिसर को तिरंगा झंडों से सजाया गया। श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय ध्वज की झंडियां वितरित की गईं। महामंडलेश्वर पुुरुषोत्तम भारती ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर तिरंगा झांकी सजाकर संदेश दिया जाता है कि भगवान भी देशभक्ति की प्रेरणा देते हैं। गलता गेट स्थित गीता गायत्री मंदिर में पं. राजकुमार चतुर्वेदी के सान्निध्य में सभी विग्रहों का तिरंगा थीम पर शृंगार किया गया। अंबाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में भी तिरंगा झांकी सजाई गई। चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में छप्पन भोग एवं तिरंगा झांकी सजाई गई। युवाचार्य पं. अमित शर्मा ने सुबह नवीन पोशाक धारण करवा कर भगवान को तिरंगे की माला और तिरंगे से बनी मिठाई एवं 56 भोग की झांकी सजाई गई। 

कोरोना महामारी के चलते मंदिर में भक्तों को सेनेटाइजर बांटे गए। पूरे मंदिर परिसर को तिरंगे की थीम पर सजाया गया। श्रद्धालुओं को राष्ट्रीय ध्वज की प्रतीक तिरंगी झंडियां वितरित की गर्इं।

Post a Comment

0 Comments