पितरों को याद करने की अवधि बढ़ी एक दिन, इस बार 16 के बजाय 17 दिन रहेंगे श्राद्ध


जयपुर। दिवंगत पितृजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने की समयावधि श्राद्ध भाद्रपद शुक्ल पूर्णिमा दो सितंबर बुधवार को सुकर्मा योग, शतभिषा नक्षत्र में शुरू होंगे। ज्योतिषविदों के मुताबिक पूर्णिमा का श्राद्ध एक दिन पहले मंगलवार को निकाला गया। श्राद्धपक्ष में  पितृजनों का तर्पण कर और उनके निमित्त श्राद्ध निकालकर पंडितों को भोजन करवाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पं.दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि शास्त्रानुसार जिस तिथि में पूर्वजों या परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु हुई है उसी तिथि को पितृपक्ष में उनका श्राद्ध किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि यह आश्विन कृष्ण पक्ष में किए जाने वाले पार्वण श्राद्ध होते हैं, जो अपराह्न यानी दोपहर व्यापिनी की तिथि में निकाले जाते हैं। इस बार यह समय दोपहर 1.38 बजे से 4.05 बजे तक के बीच रहेगा। इस समय में जो तिथि रहेगी उसका श्राद्ध निकाला जाएगा। आश्विन कृष्णपक्ष अमावस्या 17 सितंबर तक 17 दिनों तक श्राद्धपक्ष की अवधि रहेगी। पंचबलि से श्राद्ध निकालना जरूरी
पं.पुरुषोत्तम गौड़ ने बताया कि पितरों को महाविष्णु के रूप में माना जाता है, उनकी प्रसन्नता के लिए ब्राह्मणों को भोजन कराकर वस्त्र आदि से उनका सम्मान करने से परिवार में सुख शांति रहती है। सबसे पहले पंचबलि से ग्रास निकाले जाते हैं। गाय, श्वान, कौआ, देवताओं, चीटियों के लिए ग्रास निकाले जाते हैं। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार जयपुर के सात समंदर पार एनआरआई परिवारों ने लेपटॉप से ऑनलाइन श्राद्ध करवाने के लिए इच्छा जताई है।
एक माह देरी से आएंगे शारदीय नवरात्र
आगामी 18 सितंबर से अधिकमास शुरू होगा, जो 16 अक्टूबर तक रहेगा। यानी एक महीने बाद ही पर्व और त्यौहारों का दौर शुरू होगा। 17 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू होंगे। आश्विन अधिकमास 19 साल पहले 2001 में आया था, तब भी सभी त्यौहार एक महीने देरी से शुरू हुए थे।

कब किस तिथि का श्राद्ध
1 सितंबर    मंगलवार    पूर्णिमा श्राद्ध
2 सितंबर     बुधवार    प्रतिपदा श्राद्ध
3 सितंबर    गुरुवार    द्वितीया श्राद्ध
4 सितंबर    शुक्रवार    खाली
5 सितंबर     शनिवार    तृतीया श्राद्ध
6 सितंबर    रविवार    चतुर्थी श्राद्ध
7 सितंबर     सोमवार    पंचमी श्राद्ध
8 सितंबर    मंगलवार    षष्ठी श्राद्ध
9 सितंबर    बुधवार    सप्तमी श्राद्ध
10 सितंबर    गुरुवार    अष्टमी श्राद्ध
11 सितंबर     शुक्रवार    नवमी श्राद्ध
12 सितंबर    शनिवार    दशमी श्राद्ध
13 सितंबर    रविवार    एकादशी श्राद्ध
14 सितंबर     सोमवार    द्वादशी श्राद्ध
15 सितंबर    मंगलवार    त्रयोदशी श्राद्ध
16 सितंबर    बुधवार    चतुर्दशी श्राद्ध
17 सितंबर    गुरुवार    सर्वपितृ अमावस्या श्राद्ध

Post a Comment

0 Comments